एनडीपीएस एक्ट के मामले में 5 साल से फरार आरोपित महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर 15 हजार का इनाम भी घोषित था। हमीरगढ़ थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में भीलवाड़ा जिले में अपराधियों की घर पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के तहत 2020 में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस महिला पर 15 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था । 5 मार्च 2020 को तत्कालीन थाना प्रभारी मूलचंद हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक चित्तौड़गढ़ नंबर स्विफ्ट कार को रुकवा कर तलाशी ली। कार सवार मोहसिन खान, फिरोज खान और जरीना बेगम के पास 68 ग्राम MD मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इन्होंने यह MD कौसर खान से ली है। पुलिस पिछले 5 साल से कौसर खान की तलाश में थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए भीलवाड़ा एसपी ने 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने परंपरागत इनपुट और मुखबिर की सूचना के बाद कौसर खान उर्फ कौसर बी पत्नी खुर्शीद खान (45) निवासी अजमेर को गिरफ्तार किया। ये थे टीम में शामिल आरोपी को पकड़ने गई टीम में हमीरगढ़ थाना प्रभारी संजय कुमार, हेड कॉन्स्टेबल नारायण लाल, शांतिलाल, महिला कॉन्स्टेबल राधा शामिल रही।


