राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पंच गौरव योजना के तहत 10 दिसंबर को झालावाड़ के ऐतिहासिक गागरोन दुर्ग एक नया कीर्तिमान रचने जा रहा है। यहां पहली बार 5000 से अधिक सरकारी व निजी स्कूलों के स्टूडेंट “गागरोन दुर्ग चित्रकला प्रतियोगिता” में एक साथ चित्रकारी करेंगे। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने आवश्यक सेवाओं की समीक्षा बैठक में बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने और पंच गौरव की पहचान को हर जिले तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अनोखी कला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस आयोजन से गागरोन दुर्ग जैसे विश्व धरोहर स्थल को कला के माध्यम से नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता केवल बच्चों तक सीमित नहीं होगी। इसमें जिला स्तरीय अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन और आमजन भी अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। सभी को इस ऐतिहासिक अवसर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को चित्रकला की शीट जिला प्रशासन उपलब्ध करवाएगा। हालांकि, पेंसिल, रबर, वॉटर कलर और स्केच पेन जैसी सामग्री विद्यार्थियों को स्वयं लानी होगी। आयोजन स्थल पर पंच गौरव – गागरोन, संतरा, सागवान, कोटा स्टोन और बास्केटबॉल से संबंधित आकर्षक स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बैठक में पीडब्ल्यूडी, विद्युत, जलदाय, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता, रसद व स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उप वन संरक्षक सागर पंवार और अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


