भास्कर न्यूज | लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो नशा तस्करों को 505 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए नौ नशा सेवन करने वालों को भी काबू किया गया है। एडीसीपी ज़ोन–1 समीर वर्मा और एसीपी सेंट्रल अनिल कुमार भनोट ने जानकारी दी कि इंस्पेक्टर जगदीप सिंह (थाना डिवीजन नंबर 3) और चौकी धर्मपुरा के इंचार्ज रवी कुमार की टीम ने मनीष कुमार (जिला प्रतापगढ़, यूपी) और राहुल कुमार (जिला देवरिया, यूपी) को 505 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 3 में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मनीष पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। डिवीजन नंबर 2 की पुलिस टीम ने विक्रांत जैन, थाना डाबा पुलिस ने जगतार सिंह, थाना हैबोवाल पुलिस ने मोनू, डिवीजन नंबर 5 की टीम ने नितिन, डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने राहुल थापर और थाना जमालपुर की टीम ने अरविंद को नशा करते व नशे समेत गिरफ्तार किया है।


