6 दिन बाद भी आर्किटेक्ट पर हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस नहीं कर पाई ट्रेस

भास्कर न्यूज | जालंधर लम्मा पिंड से सटे अर्जुन नगर के रहने वाले 53 साल के आर्किटेक्ट खुशवंत सिंह पर हुए हमाले के 6 दिन बाद भी पुलिस हमलावरों को ट्रेस नहीं कर पाई। खुशवंत पर हुए अटैक के बाद मोहल्ले में भी दहशत का माहौल है। उधर, जांच अधिकारी एएसआई मनजिंदर सिंह ने कहा कि इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जख्मी ने भी किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस को दिए बयान में आर्किटेक्ट खुशवंत ने कहा कि 18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह दफ्तर से घर लौटे थे और लैपटॉप पर काम कर रहे थे। इस बीच घंटी बजी तो वह घर का दरवाजे पर आए। गेट के बाहर खड़े युवक ने कहा कि आप अपनी गाड़ी साइड पर कर लें। मैंने बताया कि मेरी गाड़ी तो दूसरी गली में खड़ी है। आप पड़ोसी से पूछ लें। करीब सात मिनट बाद तीन अज्ञात युवक फिर घर में आ धमके। उसके पीछे तीन और आ गए। इनमें से एक वह युवक भी था, जिसने गाड़ी साइड पर करने की बात कही थी। इसके बाद उक्त युवकों ने उनकी जान लेने के इरादे से दातर, रॉड और डंडे से हमला कर दिया था, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। आर्किटेक्ट खुशवंत सिंह ने कहा कि एक आरोपी को वह सामने आने पर पहचान सकते हैं। उनका कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं, लेकिन मोहल्ले से पता चला कि पहले भी उनके घर की रेकी की गई थी। उन पर हमला करने की साजिश घर के बाहर थी, लेकिन उनकी गाड़ी दूसरी गली में खड़ी थी तो वह बाहर नहीं गए थे। थाना रामामंडी में मामला दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *