60 लाख से लगी सौर ऊर्जा प्लेट चोरी, कुछ ग्रामीण उठा ले गए

दिनेश साहू | जलडेगा झाड़ियों में गुम होते सोलर प्लेट गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के सोलर प्लेट चोरी होना भी शुरू हो चुके है। सोलर विद्युतीकरण योजना से जलडेगा के बरबेडा व सेमरिया गांवों में 60 लाख की लागत से लगे सोलर प्लांट शुरू से ही खराब हैं । कुछ दिन बिजली जली और फिर आई खराबी पर किसी ने ध्यान नहीं दिया । बताया गया कि झारखंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी द्वारा जलडेगा प्रखंड के बरबेडा और सेमरिया गांवों में करीब 60 लाख रुपए की लागत से स्थापित किए गए थे। सौर ऊर्जा संयंत्र अब झाड़ियों में गुम हो रहे हैं। ग्रामीणों को बिजली देने के बजाय, यह योजना खुद अंधेरे में डूब चुकी है। इन राजस्व ग्रामों में राजीव गांधी विद्युत योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना और मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना की भी बिजली नहीं पहुंची। बरबेडा के 62 और सेमरिया के 400 परिवारों को बिजली मिलने का सपना दिखाया गया, लेकिन हकीकत में गांव आज भी डिबरी और लालटेन युग में जीने को मजबूर हैं। बरबेडा में सौर प्लेटें झाड़ियों में बिखरी पड़ी हैं, वहीं सेमरिया के ग्रामीणों ने कुछ सोलर पैनलों को परिवारों में बांट लिया है। सोलर प्लांट का पावर हाउस पूरी तरह बंद पड़ा है और सिस्टम निष्क्रिय हो चुका है।स्थानीय शिक्षक सुनील कंडूलना ने योजना की जानकारी के लिए कई प्रयास किए, बीडीओ और विधायक तक पत्राचार किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सिस्टम खराब होता है तो मरम्मत की कोई व्यवस्था क्यों नहीं होती और किसकी जिम्मेदारी होती है, यह ग्रामीणों को क्यों नहीं बताया। ग्रामीण भीमसेंट कंडूलना, पाउलुस लुगुन, पाठू लुगून, बेनेदिक्त केरकेट्टा समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने निर्माण के दौरान मजदूरों को लाने-ले जाने में सहयोग किया, महिला-पुरुषों ने श्रमदान किया। लेकिन अब उनकी मेहनत व्यर्थ जाती दिख रही है। जलडेगा प्रखंड के 21 गांवों के 776 परिवारों को आज तक बिजली की सुविधा नहीं मिल पाई है। बिजली से वंचित गांवों में लमडेगा पंचायत के लतापानी, बिझिंयापानी, डांडपानी, डवकोना, तोयोरदा, सेमरिया के लगभग 400 परिवार , टाटी पंचायत के नवाटोली, गिरजाटोली, जोटो टोली, गई पकोटा टोली, पाहन टोली, बरबेड़ा लेको टोली में 135 परिवार, पतिअम्बा पंचायत कारीमाटी बनटोली, खरवागढ़ा, गट्टीगढ़ा, पहनटोली, पतराटोली, बिलाईगढ़ा में 80 परिवार, कुटुंगिया पंचायत के कुलाओड़ा में 47 परिवार बिजली से वंचित हैं। परबा पंचायत के बेंदोसेरा, भालूघुटखुरा (19 परिवार) टीनगिना पंचायत: टीकरा, डोंगीझरिया (75 परिवार) लम्बोई पंचायत के पहाड़ टोली (20 परिवार) को भी बिजली नहीं पहुंची है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर समय रहते मेंटेनेंस और निगरानी की व्यवस्था की जाती, तो आज ये सोलर पैनल कचरे में न पड़े होते।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *