लुधियाना | पंजाब राज्य खुराक कमिशन के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने वीरवार को लुधियाना में विभिन्न पोषण और खाद्य सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता सुधारने, स्कूलों में पीने के पानी की शुद्धता सुनिश्चित करने, भोजन की नियमित जांच करने और पोषण वाटिका विकसित करने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि जिले में 2.43 लाख से अधिक बच्चे मिड-डे मील का लाभ ले रहे हैं और 1616 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हो रही हैं। चेयरमैन ने कहा कि बच्चों को पोषणयुक्त भोजन मिले, इसके लिए स्कूलों में फूड टेस्ट रजिस्टर अनिवार्य किया जाए, साफ-सफाई पर ध्यान दिया जाए और वर्करों का हर छह महीने में मेडिकल चेकअप कराया जाए। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 4.65 लाख राशन कार्ड धारक हैं, जबकि 6774 अंत्योदय कार्ड धारकों को हर महीने 35 किलो अनाज दिया जा रहा है। चेयरमैन ने स्कूलों में आरओ सिस्टम लगाने, सेहत टीमों द्वारा लिए गए भोजन और पानी के सैंपलों की रिपोर्ट जल्द प्राप्त कराने के निर्देश दिए। एडीसी अमरजीत बैंस ने बताया कि जिले में 87 नए आंगनवाड़ी केंद्र बनाए जा रहे हैं। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप कुमार महिंद्रा, डीएफएससी शिफाली, डीएचओ डॉ. अमरजीत कौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


