9वीं-11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 24 से:कई बच्चों के एक दिन में 2 पेपर, सुबह राहत, दोपहर की पारी झुलसाएगी

सरकारी स्कूलों में 9वीं-11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 24 अप्रैल से शुरू होंगी। ये 8 मई तक चलेंगी। 11वीं की परीक्षा कुछ विद्यार्थियों के लिए चुनौती भी खड़ी करेगी। उन्हें एक ही दिन में दो-दो विषयों के पेपर देने पड़ेंगे, ऐसा पांच बार होगा। पहली पारी सुबह 7:45 से 11 बजे और दूसरी 11:30 से 2:45 बजे तक चलेगी। परीक्षा के दौरान तापमान 40 डिग्री या इसके पार जाने की संभावना है। ऐसे में सुबह की पारी के विद्यार्थी तो थोड़ी राहत में रहेंगे। लेकिन दूसरी पारी के छात्र-छात्राओं को झुलसती गर्मी झेलनी पड़ेगी। ज्यादातर परीक्षा कक्ष ऐसे हैं, जिनमें एक ही पंखा है। ऐसे में शिक्षक संगठन भी दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह की पहली पारी में करवाने की मांग कर रहे हैं। बता दें कि 9वीं की परीक्षा में उदयपुर में 24 हजार और 11वीं में 26 हजार बच्चे शामिल होंगे। प्रदेश में दोनों ही कक्षाओं के बच्चों की संख्या 6 लाख के आसपास रहेगी। शिक्षक संघ राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेरसिंह चौहान का कहना है कि विभाग को दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह की पारी में करवानी चाहिए। उधर, डीईओ माध्यमिक लोकेश भारती ने कहा कि निदेशालय से मिले निर्देशों के अनुसार ही परीक्षाएं करवाई जा रही हैं। कोई बदलाव होगा तो किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *