भास्कर संवाददाता | खरगोन साल 2026 की शुरुआत जिले में सकारात्मक संकेतों के साथ हुई। लोगों ने नए साल का स्वागत देव दर्शन के साथ किया। 31 दिसंबर की रात उत्सव के बाद गुरुवार को साल का पहला दिन शांतिपूर्ण माहौल में गुजरा। शहर में कहीं कोई बड़ी आपराधिक घटना, दुर्घटना या अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई। साल के पहले दिन जिला अस्पताल से भी शुभ संकेत मिले। यहां 24 घंटे में कुल 23 नवजातों ने जन्म लिया, जिनमें 9 लड़के और 14 लड़कियां शामिल हैं। बेटियों की संख्या अधिक रहने से अस्पताल स्टाफ और परिजनों में उत्साह देखने को मिला। डॉक्टरों के अनुसार सभी माताएं और नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं। पहले दिन लोगों ने धार्मिक स्थलों पर अधिक समय बिताया। शहर के अधिष्ठाता भगवान सिद्धनाथ महादेव मंदिर, कुंदा तट स्थित सिद्धि विनायक गणपति मंदिर और नवग्रह मंदिर में सुबह की आरती से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी, जो देर रात तक बनी रही। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने यादगार पल के तौर पर सेल्फियां भी ली। नए साल के पहले दिन कानून व्यवस्था संतोषजनक रही। पुलिस विभाग के अनुसार जिले में कहीं कोई बड़ी आपराधिक घटना दर्ज नहीं हुई। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की गई। टीआई बीएल मंडलोई ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में कोई अपराध दर्ज नहीं हुआ। जैतापुर थाने में भी कोई कायमी नहीं हुई।


