भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर में शुक्रवार को मेगा पीटीएम एवं निपुण मेले के आयोजन के साथ कक्षा 9 में अध्ययनरत 91 बालिकाओं को निशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता प्रधानाचार्य उर्मिला जोशी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि अनिल कोठारी, एसडीएमसी सदस्य मदन माली, श्याम लाल ओझा, प्रभु सिंह, पार्षद जगदीश गुर्जर, भाजपा नेता विजय पोखरण एवं जगदीश सालवी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अवस्थी ने कहा कि राज्य सरकार बालिकाओं के सम्मान और शिक्षा के लिए समर्पित है। बालिकाओं को अच्छी पढ़ाई कर अपने व्यक्तित्व को निखारना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान रितु राठौड़ एवं नंदिनी कंवर की व्यावसायिक शिक्षा कक्षाओं तथा मधु जैन, जय श्री, मधुबाला और वीणा पारीक के निर्देशन में आयोजित निपुण मेले में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रदर्शित शैक्षणिक सामग्री का अतिथियों ने अवलोकन किया और उनकी सराहना की। कार्यक्रम का संचालन सोनू शर्मा और नीलम परिहार के साथ महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुर के प्रधानाचार्य प्रेम शंकर जोशी ने किया। पारी प्रभारी ममता शर्मा और मधु लड्ढा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में दीपमाला शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, रणजीत सिंह, विजय सिंह, महावीर प्रसाद और विकास जोशी का विशेष योगदान रहा।


