टैक्स चोरी से जुड़े 16 साल पुराने मामले में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को कार्रवाई की। दोपहर डेढ़ बजे के लगभग टीम जयेंद्रगंज स्थित ईजी गो ट्रिप और एक अन्य एंटरप्राइजेज के कार्यालय पहुंची। यहां टीम ने फर्म से जुड़े दस्तावेज खंगाले और पता लगाया कि आखिर दर्जनभर नोटिस भेजने के बाद भी करोड़ों रुपए की टैक्स की राशि जमा क्यों नहीं की जा रही? आयकर विभाग से जुड़े सूत्रों की मानें तो मामला 2008 में हुई सर्च से जुड़ा हुआ है। उस समय सिंघल परिवार से से जुड़े प्रशांत सिंघल और रविंद्र सिंघल हिंदुस्तान और गालव सोसायटी के संचालन से जुड़े हुए हैं? आयकर विभाग ने इस कार्रवाई में करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी थी। इसके बाद विभाग ने एसेसमेंट की कार्रवाई की और अपील के निराकरण के बाद 100 करोड़ से ज्यादा टैक्स की डिमांड निकाली। डिमांड की वसूली के लिए विभाग लंबे समय से नोटिस भेज रहा था। लेकिन ना तो नोटिस का जवाब मिला और ना ही राशि जमा कराई गई। ऐसे में पुलिस बल के साथ आईटी टीम जयेंद्रगंज स्थित कार्यालय पहुंची। खबर लिखे जाने तक टीम कार्रवाई में जुटी हुई थी।


