सामूहिक विवाह में घराती बने समाज ने बारातियों का किया जोरदार स्वागत

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव नगर देवांगन समाज के मां परमेश्वरी महोत्सव में रविवार को दो निर्धन कन्याओं का विवाह कराया गया। सतनाम भवन में कराए गए इस आदर्श विवाह में समाज ने घराती बनकर बारातियों का जोरदार स्वागत किया। गुदुम बाजा के साथ बरात को जीई रोड पर घुमाया। रीति-रिवाज से मंडप में विवाह संपन्न हुआ। समाज की तरफ से दोनों नव विवाहित जोड़े को उपहार के रूप में घरेलू सामान दिए गए। आदर्श विवाह की कई दिनों से देवांगन समाज द्वारा तैयारी की जा रही थी। रविवार को सफल आयोजन किया गया। समाज के संरक्षक दयावान देवांगन और अध्यक्ष शोभाराम देवांगन ने बताया कि महोत्सव में हर वर्ग की सहभागिता रही। आदर्श विवाह में समाज की परंपरा अनुसार सभी रस्में की गई। विवाह में बारातियों का स्वागत भी पारंपरिक ढंग से गुदुम बाजा के साथ किया गया। फिर आयोजन स्थल से परघौनी करते हुए बैला पसरा से गुरुद्वारा चौक होकर वापस सतनाम भवन में विवाह संपन्न कराया गया। दोनों जोड़ों को बर्तन, कपड़े उपहार के रूप में दिए गए। विवाह में शामिल लोगों ने दोनों नव विवाहित जोड़ों को अपना आशिर्वाद दिया। महोत्सव में समाज के जिलाध्यक्ष जेठूराम देवांगन, महिला अध्यक्ष मीना देवांगन, समाजसेवी राजू देवांगन, मधु देवांगन, महेश्वरी देवांगन, दुर्गा देवांगन, चित्ररेखा देवांगन, तारा देवांगन, गायत्री देवांगन, किरण देवांगन, दीपा देवांगन, शैफाली देवांगन, रमा देवांगन, युवा अध्यक्ष अंकित देवांगन, रामकुमार देवांगन की अहम भूमिका रही। अतिथियों ने इस पहल को देख समाज की सराहना की नगर देवांगन समाज के द्वारा आयोजित कुलदेवी मां परमेश्वरी महोत्सव का यह 11वां वर्ष था। यह आयोजन दो सत्रों में संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे पूजा-आरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। फिर परिचय सम्मेलन, डांस और कुर्सी दौड़ स्पर्धा के बाद रंगोली व चित्रकला स्पर्धा कराई गई। दोपहर 2 बजे उद्घाटन सत्र में महापौर मधुसूदन यादव और पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा अतिथि रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को सुखमय जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *