ADM ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण:मरीजों से सेवाओं के संबंध में लिया फीडबैक, PMO को दिए व्यवस्था सुधारने के निर्देश

एडीएम भंवरलाल जनागल ने बुधवार को शहीद राजमल मीणा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में संचालित व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में चिकित्सकों की उपस्थिति नियमित पाई गई। एडीएम ने माह के प्रथम बुधवार को आयोजित होने वाले एनसीडी कैंप का भी जायजा लिया और संबंधित चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जिरिएट्रिक वार्ड का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जो संतोषजनक पाई गईं। इसके अतिरिक्त उन्होंने ओपीडी कक्षों, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जनागल ने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर खड़े मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में मिल रही सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर एडीएम ने पीएमओ और अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म और आईडी कार्ड के साथ ड्यूटी पर उपस्थित रहें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों को संवेदनशील, व्यवस्थित और संतोषजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, अस्पताल परिसर की स्वच्छता, पार्किंग व्यवस्था एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। एडीएम ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *