छ्त्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस ने APK फाइल के माध्यम से फोन हैक करने वाले गिरोह के 3 और फ्रॉड को गिरफ्तार किया है। इनमें से 2 लोग झारखंड और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। इनके पास से पुलिस ने 56 ATM कार्ड और 92 हजार रुपए कैश बरामद किए हैं। इससे पहले मास्टरमाइंड समेत 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये सभी देश के अलग-अलग 4 से 5 राज्यों में लोगों से 1 करोड़ 15 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी किए थे। जिसमें बस्तर के एक शख्स के बैंक खाते से 7 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन कर लिए। अलग-अलग 2 बार गई टीम ने अब मुंबई और झारखंड से कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। APK फाइल से फोन हैक करने वाले इस गिरोह का मास्टरमाइंड अब्दुल मजीद करोड़पति है। जामताड़ा में इसके पास करोड़ों का घर, प्रॉपर्टी और कई लग्जरी गाड़ियां भी हैं। डकैती और एक फ्रॉड के केस में पहले भी जेल जा चुका है। अब जानिए कैसे पकड़े गए जगदलपुर के तिरंगा चौक के पास रहने वाले अमलेश कुमार ने जनवरी 2025 को बोधघाट थाना में फ्रॉड की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि, एक्सिस बैंक कस्टमर केयर के 2268318000 नंबर से फोन आया। सामने वाले ने लोन लेने के लिए कहा। जिसपर उन्होंने लोन नहीं चाहिए कहकर फोन काट दिया। उसी दिन शाम 4:18 को एक्सिस बैंक से मोबाइल नंबर पर OTP आना चालू हुआ और 5:25 बजे उनके खाता क्रमांक से 500, 4 लाख, 500 और 3 लाख 40 हजार रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज आया। जिसे पता करने के लिए एक्सिस बैंक गए। जहां पता चला कि खाता में 21 जनवरी 2025 को नेट बैंकिंग के माध्यम से 7 लाख 33000 रुपए का लोन लिया गया है। FIR के बाद जांच में जुटी पुलिस जबकि उसने किसी भी प्रकार के लोन के लिए अप्लाई नहीं किया था। बैंक का स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि उनके मेल ID को चेंज कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने नेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे खाते में ट्रांसफर किए और पैसे निकाल लिए। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज की। जिसके बाद जगदलपुर SP शलभ कुमार सिन्हा ने साइबर सेल DSP गीतिका साहू के नेतृत्व में साइबर निरीक्षक गौरव तिवारी की टीम बनाई। इसके बाद इस टीम ने नंबर, खाता ट्रेस किया। जिसका अलग-अलग लोकेशन बताया गया। वहीं SP ने निरीक्षक शिवानंद और दिलबाग सिंह समेत अन्य जवानों की 2 और टीम बनाकर आरोपियों को पकड़ने के लिए मुंबई भेजा। पहले इनकी हुई गिरफ्तारी पहले कार्तिकेय राय (20) और संतोष कुमार (41) को मुंबई से पकड़ा गया। जबकि इनके मास्टरमाइंड अब्दुल मजीद (45) को जामताड़ा झारखंड से पकड़ा गया। जब टीम दोबारा गई तो मुंबई से मो. इमरान अंसारी (36), अलीमुद्दीन (33) और राजकुमार गौतम (32) को पकड़ा है। चेक बुक, एटीएम कार्ड समेत ये सामान बरामद पुलिस ने इनके ठिकानों की जब तलाशी ली तो पासबुक, चेक बुक, ATM कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने कहा कि अपने परिचितों के नाम से खोले गए बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए हैं। ऐसे करते थे फ्रॉड ये फ्रॉड अनजान नंबर से किसी भी व्यक्ति के नंबर पर एक APK फाइल सेंड करते थे। जिस नंबर पर APK फाइल भेजी गई है, यदि उसने फाइल डाउनलोड कर ली तो उसके मोबाइल का सारा कंट्रोल ठगों के पास चला जाएगा। उसके फोन में जो भी मैसेज आ रहे, जो भी ईमेल हो उसे आसानी से देख और बदल सकता है। बड़ी आसानी से पैसे ट्रांजेक्शन कर लेते हैं।


