BJP पूर्वजिलाध्यक्ष बोले- फतेह खान को नहीं छोड़ेंगे:बोले- पकिस्तान जाकर क्या करते हैं, जानकारी है, तुम हमारे रडार पर हो

बाड़मेर में बयानबाजी के बाद भाजपा नेता का कांग्रेस नेता पर पलटवार सामने आया है। गुरुवार को स्वरूपसिंह खारा बोले- फतेह खान को नहीं छोड़ेंगे, नहीं बख्शेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान जाकर आते हैं और क्या-क्या करते हैं, इसकी जानकारी है। खारा ने चेतावनी देते हुए कहा कि तुम हमारे रडार पर हो। कांग्रेस धरने में की गई टिप्पणी के बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने सार्वजनिक कार्यक्रम में तीखा जवाब दिया है, जिससे जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। यह था मामला दरअसल, बाड़मेर जिला मुख्यालय पर तीन दिन पहले सोमवार को मनरेगा कानून को लेकर कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया था। इसी दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा पर टिप्पणी की थी। उन्होंने पंचायत पुनर्गठन और रामसर समिति का जिक्र करते हुए कहा कि स्वरूपसिंह और रविंद्र सिंह सभी हमारी समिति में आते थे। उन्होंने कहा कि जो फैसले किए जा रहे हैं, वे गलत हैं। उन्होंने आगे कहा, “भाजपा प्रत्याशी को ‘पॉवर सेंटर’ कहा जाता है, लेकिन मैं ऐसा नहीं मानता।” उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को चेतावनी देते हुए कहा, “तुझे जितना करना है कर ले भाई, लेकिन समय आने पर वही तेरे साथ भी होगा। यह गलत है और ऐसी गलतियां नहीं होनी चाहिए क्योंकि वे एक गलत परंपरा की शुरुआत कर रहे हैं।” किराडू कार्यक्रम में खारा का पलटवार फतेह खान के बयान के तीन दिन बाद गुरुवार को किराडू में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वरूपसिंह खारा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक नेता ने अश्लील टिप्पणी की है। खारा ने यह भी कहा कि पूर्व के विधायकों ने कभी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया और भाषा की मर्यादा तोड़ी गई है। उन्होंने फतेह खान को अपने “रडार” पर बताते हुए कड़ा संदेश दिया। देशद्रोह और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप स्वरूपसिंह खारा ने फतेह खान पर देशद्रोही होने का आरोप लगाते हुए कहा कि बॉर्डर पर उनकी और उनके लोगों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। स्वरूपसिंह खारा बोले- यह नेता देशद्रोह का जो काम कर रहा है, उससे पूर्व के कांग्रेस विधायकों ने कभी ऐसा नहीं किया। वह वर्तमान में पाकिस्तान जाकर जो कर रहा है और मदरसों के चंदे की कमाई से चुनाव लड़ रहा है, ऐसे गद्दार नेता से हमें सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान जाकर आते हैं और क्या-क्या करते हैं, इसकी जानकारी है। खारा ने चेतावनी देते हुए कहा कि हम तुमको नहीं छोड़ेंगे और नहीं बख्शेंगे। स्वरूपसिंह खारा आगे बोले- यह भाजपा की, डबल इंजन की सरकार है। तुम क्या समझ रहे हो कि हम तुम्हें छोड़ देंगे? हम उन्हें दिखा देंगे कि इस अभद्र भाषा और मर्यादाहीन टिप्पणी का परिणाम क्या होता है।” चुनावी पृष्ठभूमि से जुड़ा पुराना टकराव दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव में शिव सीट से स्वरूपसिंह खारा भाजपा के प्रत्याशी थे, जबकि फतेह खान ने कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। दोनों ही चुनाव हार गए थे और स्वरूपसिंह खारा की जमानत जब्त हो गई थी। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने फतेह खान को फिर से पार्टी में शामिल कर लिया। इसके बाद से ही दोनों नेताओं के बीच समय-समय पर बयानबाजी होती रही है। खारा की ताजा टिप्पणी के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों खेमों में राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है। एक-दूसरे पर लगाए गए गंभीर आरोपों के चलते बाड़मेर की राजनीति में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *