लुधियाना| गारमेंट मशीनरी मैन्युफैक्चर्स एंड सप्लायर्स एसोसिएशन (GAMSA) द्वारा जालंधर बाईपास स्थित दाना मंडी परिसर में चार दिवसीय गम्सा एक्सपो का आयोजन किया गया। एक्सपो का शुभारंभ क्षेत्र विधायक मदन लाल और मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर ने दीप प्रज्वलन कर किया। पहले ही दिन लगभग 5 हजार व्यापारियों और उद्योगपतियों ने प्रदर्शनी का दौरा किया। मुख्य अतिथि विधायक मदन लाल ने कहा कि दाना मंडी जैसे स्थान को आधुनिक बिजनेस एग्जीबिशन हब में बदलना लुधियाना के उद्यमियों की विजन और क्रिएटिव सोच को दर्शाता है। मेयर इंदरजीत कौर ने कहा कि एक ही छत के नीचे कई देशों की टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन इसे कारोबारी महाकुंभ का स्वरूप देता है, जिससे निवेश, रोजगार और उद्योग विस्तार को बल मिलता है। संस्था के प्रधान गुरप्रीत सिंह केपी और चेयरमैन राम कृष्ण ने बताया कि एक्सपो में चीन, ताइवान, जापान, जर्मनी और कोरिया सहित कई देशों की अत्याधुनिक मशीनरी प्रदर्शित की गई है। इसमें सर्कुलर, फ्लैट निटिंग, एम्ब्रॉयडरी, प्रिंटिंग, डाइंग, फिनिशिंग और स्टिचिंग से जुड़ी नई और रिकंडिशन्ड मशीनें उपलब्ध हैं। व्यापारियों ने कहा कि हलवारा एयरपोर्ट शुरू होने से लुधियाना की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।


