HC के जज बोले-बार और कोर्ट में हो बेहतर तालमेल:राजसमंद पहुंचे न्यायाधीश चंद्रप्रकाश श्रीमाली; एसोसिएशन के विजेताओं को दिलाई शपथ

राजसमंद के संरक्षक न्यायाधीश चंद्रप्रकाश श्रीमाली सोमवार को राजसमंद के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायालय राजसमंद का निरीक्षण किया तथा न्यायिक कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। निरीक्षण के पश्चात न्यायाधीश श्रीमाली बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शपथ समारोह में न्यायाधीश चंद्रप्रकाश श्रीमाली ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयदेव कच्छावा सहित समस्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन के पदाधिकारी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें। अधिवक्ताओं के विकास के साथ-साथ पक्षकारों एवं गवाहों के कल्याण पर भी ध्यान दिया जाएंगा। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका और बार के बीच बेहतर समन्वय से न केवल राजसमंद का विकास होगा बल्कि प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण भी संभव होगा, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सके। न्यायाधीश ने कहा कि पक्षकार न्यायपालिका का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और उसके हितों की रक्षा करना न्यायपालिका का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन से की गई। इस दौरान बार एसोसिएशन की ओर से न्यायाधीश श्रीमाली का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर विशिष्ट अतिथि अल्का शर्मा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयदेव कच्छावा, विशिष्ट अतिथि रामलाल जाट मौजूद रहे। इसके अलावा बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व न्यायाधिपति मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वर्षा अतुल पालीवाल व सचिव नरोत्तम पालीवाल ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *