प्रकृति का अद्भुत सौंदर्य, जीवन के रंग और वास्तुकला की बारीकियों को दर्शाती आईपीएस हेमंत शर्मा की पहली एकल फोटोग्राफी प्रदर्शनी ‘क्षितिज – द होराइजन’ का शुक्रवार को जवाहर कला केंद्र (जेकेके) की सुदर्शन आर्ट गैलरी में शुरू हुई। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक (सेवानिवृत्त) उमेश मिश्रा, जीएसटी प्रधान आयुक्त चेतन जैन, आयकर विभाग महानिदेशक रेनू अमिताभ, मानवाधिकार आयोग के सदस्य अशोक गुप्ता और वंडर होम फाइनेंस के प्रबंध निदेशक व सीईओ संजय राजावत ने किया। वर्तमान में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) के पुलिस महानिरीक्षक हेमंत शर्मा ने अपने 24 वर्षों के फोटोग्राफी सफर में कैमरे के जरिए दुनिया को एक अनूठे नजरिए से देखा है। अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका और भारत के कोने-कोने में भ्रमण के दौरान खींची गई करीब 70 तस्वीरें इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई हैं। इनमें सुदूर हिमालयी घाटियों के आकाश में मिल्की वे की खूबसूरती से लेकर सूरज की लालिमा से सराबोर परिदृश्य और खगोलीय घटनाओं का जादू देखने को मिलता है। आईपीएस हेमंत शर्मा ने बताया कि फोटोग्राफी मेरे लिए मेडिटेशन की तरह है। सिलीसेढ़ झील की खूबसूरती ने मुझे इस दिशा में प्रेरित किया। इसके बाद यूएन मिशन के दौरान विदेशी लैंडस्केप्स को करीब से देखने और कैमरे में कैद करने का मौका मिला। हर तस्वीर मेरे अनुभवों और भावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने अपने कैमरे के जरिए प्रकृति, खगोलीय घटनाओं और जीवन की सौंदर्यपूर्ण झलकियों को कैद कर अपनी तस्वीरों में हजारों शब्दों और भावों को व्यक्त किया है। क्षितिज – द होराइजन’ प्रदर्शनी में मौजूद हर तस्वीर प्रकृति के सौंदर्य और जीवन के अनदेखे पहलुओं को दर्शाने का प्रयास है। हेमंत शर्मा ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य दर्शकों को प्रकृति के प्रति जुड़ाव और खगोलीय घटनाओं के रहस्यमय सौंदर्य को समझने का अवसर प्रदान करना है। यह प्रदर्शनी 19 जनवरी तक जेकेके की सुदर्शन आर्ट गैलरी में जारी रहेगी। कला और फोटोग्राफी प्रेमी इस प्रदर्शनी में शामिल होकर हेमंत शर्मा की अद्भुत फोटोग्राफी यात्रा का अनुभव कर सकते हैं।


