REET की तैयारी कर रही छात्रा ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। गुरुवार देर रात जब छात्रा ने दरवाजा नहीं खोला तो मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। घटना सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी की है। उदेई मोड़ थाना के हेड कॉन्स्टेबल मुरारीलाल मीणा ने बताया- करौली जिले के सपोटरा तहसील के माधोराजपुरा गांव की रहने वाली मनीषा मीणा वसुंधरा कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रही थी। रात को खाना खाने के बाद मनीषा ने कमरे में छत के कड़े पर चुन्नी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सूचना पर पुलिस टीम रात 12:30 बजे मौके पर पहुंची। युवती को गंगापुर सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की मनीषा ने 2 साल का बीएसटीसी कोर्स पूरा किया था। आत्महत्या का मामला दर्ज किया
उदेई मोड़ थाना के हेड कॉन्स्टेबल मुरारीलाल मीणा ने बताया- मनीषा पिछले एक साल से REET की तैयारी कर रही थी। उसके माता-पिता गांव में खेती-बाड़ी का काम करते हैं। शुक्रवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मकान मालिक के पास अनजान नंबर से आया कॉल
मकान मालिक मुकेश कुमार शर्मा ने बताया- मनीषा गुरुवार शाम करीब 9 बजे पास में ही खाना खाने के लिए गई थी। रात को मनीषा से बात भी हुई थी, लेकिन ऐसी कोई बात सामने नहीं आई। रात करीब 12:30 बजे उन्हें अनजान नंबर से फोन आया था कि मनीषा ने फंदा लगाया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।


