पंचायत राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर डीग जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिले की 5 पंचायत समितियों और 220 ग्राम पंचायतों में कुल 6 लाख 76 हजार 223 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब 7 फरवरी तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं, जिसके बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायत स्तर पर चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए जिले में 2248 वार्डों का गठन किया गया है तथा 724 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो कुम्हेर पंचायत समिति मतदाताओं की संख्या के लिहाज से सबसे आगे है। यहां 40 ग्राम पंचायतों के 430 वार्डों में 1 लाख 47 हजार 641 मतदाता दर्ज हैं और 159 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। वहीं बृज नगर पंचायत समिति की 53 ग्राम पंचायतों के 505 वार्डों में 1 लाख 46 हजार 571 मतदाता हैं, जिनके लिए 157 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। डीग पंचायत समिति में 46 ग्राम पंचायतों और 444 वार्डों के तहत 1 लाख 38 हजार 922 मतदाता पंजीकृत हैं तथा यहां 152 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। पहाड़ी पंचायत समिति में 41 ग्राम पंचायतों के 463 वार्डों में 1 लाख 27 हजार 941 मतदाता दर्ज हैं, जबकि कामां पंचायत समिति में 40 ग्राम पंचायतों के 406 वार्डों के लिए 1 लाख 15 हजार 148 मतदाता पंजीकृत हैं। चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पर फोकस डीग जिले में चुनाव से पहले मतदाता सूची पुनरीक्षण को अहम चरण माना जा रहा है। इस बार प्रशासन की विशेष निगरानी डुप्लीकेट प्रविष्टियों, मृतक तथा स्थानांतरित मतदाताओं के नामों को हटाने पर है। कई ग्राम पंचायतों में पुराने रिकॉर्ड के चलते मतदाता सूची में त्रुटियां सामने आने की शिकायतें मिली थीं। इसी को देखते हुए बीएलओ को घर-घर सत्यापन कर सूची को शुद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं।


